पटना , अक्टूबर 14 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि किसानों को प्रमाणित एवं उन्नत बीज उपलब्ध कराकर खेती की लागत कम करना और उत्पादन बढ़ाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और बीज अनुदान योजना के तहत पात्र किसानों को 100 प्रतिशत तक अनुदान पर बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कृषि मंत्री ने कहा कि इसके लिए इच्छुक किसान 15 नवंबर तक बिहार कृषि ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

श्री सिन्हा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण बीज खेती की सफलता की पहली शर्त है। किसानों को समय पर प्रमाणित एवं उन्नत बीज उपलब्ध होने से फसलों की उत्पादकता बढ़ाने, खेती की लागत नियंत्रित करने और उनकी आय में सुधार करने में मदद मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक कारणों से कोई भी पात्र किसान बेहतर बीजों से वंचित न रहे।

कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि बीज की गुणवत्ता में कमी की शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बिहार कृषि मोबाइल ऐप सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से किसानों को बीज की उपलब्धता और कृषि योजनाओं की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया, ताकि किसान निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर योजनाओं का लाभ उठा सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित