चंडीगढ़ , अक्टूबर 24 -- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने शनिवार को झज्जर जिले की बेरी अनाज मंडी का दौरा कर बाजरा और धान की खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं तथा अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

श्री राणा ने मार्केट कमेटी कार्यालय में संबंधित विभागों और खरीद एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा करने तथा उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों को मंडियों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल खरीद से लेकर उठान, भंडारण और भुगतान तक सभी व्यवस्थाएं सुचारू रखी जाएं। किसानों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और खरीद एजेंसियां आपसी तालमेल से काम करें। उन्होंने मंडियों में फसल का अनावश्यक जमाव रोकने और समय पर उठान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित