श्रीगंगानगर , मार्च 06 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में सदर थाना क्षेत्र में गाजर उत्पादक किसानों से गाजर खरीद कर भुगतान न करने वाले व्यापारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस सूत्रोंं ने शुक्रवार को बताया कि जगजीत सिंह और जीवन सिंह की शिकायत पर व्यापारी महेश गोयल, दिलीप वर्मा और श्रवण कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
जगजीत सिंह एवं जीवन सिंह ने पुलिस को शिकायत की कि इन व्यापारियों ने 14 जनवरी को साधुवाली- कालूवाला में निर्माणाधीन गाजर मंडी में आकर उनसे गाजर खरीदने का सौदा किया। उक्त आरोपियों ने विश्वास दिलाया कि वे भुगतान बाद में कर देंगे, लेकिन बाद में भुगतान करने से इन्कार कर दिया। उल्लेखनीय है कि सोमवार को बड़ी संख्या में किसानों ने भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला अध्यक्ष संदीप सिंह कैराचक के नेतृत्व में जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करके व्यापारियों से उनका भुगतान दिलाने के लिये की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित