बारां , दिसम्बर 02 -- राजस्थान में बारां जिले के अन्ता सीट से विधायक प्रमोद जैन भाया के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध करवाये जाने की मांग को लेकर बुधवार को चम्बल फर्टिलाइजर फैक्ट्री गढेपान पर धरना देंगे।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामचरण मीणा ने मंगलवार को बताया कि नवम्बर के लिए आवंटित कोटे के अनुसार अब तक पांच हजार टन यूरिया खाद की आपूर्ति नहीं हो पाई है, जिसके कारण किसानों एवं उनके परिवार के बुजुर्गों, महिलाओं को रात-रात भर लम्बी-लम्बी कतारों में यूरिया खाद लेने के लिए खड़े रहकर भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि यूरिया खाद को लेकर बारां जिले की स्थिति इतनी विकट हो गयी है कि कभी भी कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

उन्होंने बताया कि सीएफसीएल-गढेपान यूरिया खाद की काफी बड़ी फैक्ट्री है। यहां से देश में यूरिया खाद की आपूर्ति की जा रही है, जबकि बारां जिले के किसानों को पर्याप्त यूरिया खाद उपलब्ध नहीं करवाया जाता है। श्री मीणा ने बताया कि नवम्बर के लिए आवंटित सम्पूर्ण कोटे की बकाया यूरिया की तुरंत आपूर्ति किए जाने की मांग को लेकर चम्बल फर्टिलाईजर्स केमिकल्स फैक्ट्री-गढेपान के मुख्य द्वार पर बुधवार को मध्याह्न 12 बजे कांग्रेसजन धरना प्रदर्शन करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित