भोपाल , मार्च 24 -- मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश के किसानों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को पत्र लिखा है।
नेता प्रतिपक्ष के कार्यालय की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार उन्होंने मुख्यमंत्री से किसानों की गेहूं खरीदी 3000 रुपये प्रति क्विंटल करने एवं ऋण वसूली की अंतिम तिथि 30 अप्रैल करने की मांग की है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा है कि वर्तमान समय में प्रदेश का किसान आर्थिक संकट से गुजर रहा है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि राज्य में गेहूं खरीदी की प्रक्रिया 1 अप्रैल से भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) एवं सहकारी समितियों के माध्यम से प्रारंभ होती है, जबकि किसानों के लिए ऋण जमा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित है। इस कारण किसानों को अपनी उपज बेचने से पहले ही ऋण चुकाने का दबाव झेलना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में ऋण वसूली की अंतिम तिथि 30 अप्रैल तक रहती थी, जिससे किसानों को फसल बेचकर भुगतान करने का पर्याप्त समय मिल जाता था। पिछले वर्ष तिथि में बदलाव कर इसे 31 मार्च कर दिया गया, जिसके कारण कई किसान समय पर ऋण जमा नहीं कर सके और डिफाल्टर घोषित हो गए।
इसके अलावा, उन्होंने चुनाव पूर्व घोषणा के अनुरूप किसानों से 3000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदी शुरू करने तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर समयबद्ध खरीदी सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित