धार , मई 4 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर कांग्रेस ने 7 मई को मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम करने का आह्वान किया है। इस दौरान कई जिलों के किसानों के जुटने की संभावना है।
कांग्रेस के अनुसार फसलों का उचित मूल्य, कर्ज माफी और समर्थन मूल्य की गारंटी जैसी मांगों को लेकर यह प्रदर्शन किया जाएगा। सुबह से शाम तक प्रस्तावित इस आंदोलन में धार, खरगोन और खंडवा जिलों के किसान शामिल होंगे।
आंदोलन की सूचना के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर सहित पुलिस अधिकारियों की टीम ने मौके का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। बताया गया है कि चक्काजाम से एक दिन पूर्व जिले का पुलिस बल धामनोद के खलघाट क्षेत्र में तैनात किया जाएगा।
प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। वही प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक कर आंदोलन के स्थान और व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
जबकि अधिकारियों ने सुझाव दिया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग होने के कारण एम्बुलेंस, बच्चों, बुजुर्गों और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक के बाद अधिकारियों ने प्रस्तावित चक्काजाम स्थल का निरीक्षण भी किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित