लखनऊ , मई 29 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री 'भारत रत्न' चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को विधान भवन स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पार्चन कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने चौधरी चरण सिंह को भारत मां का महान सपूत और किसानों का मसीहा बताया। उन्होंने कहा कि चौधरी साहब का स्पष्ट मत था कि देश के विकास का रास्ता गांव, खेत और खलिहालों से होकर जाता है।

उन्होंने कहा कि 23 दिसंबर 1902 को उत्तर प्रदेश में जन्मे चौधरी चरण सिंह स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े रहे और कृषि व राजस्व के क्षेत्र में कई रिफॉर्म का श्रेय उन्हें जाता है। योगी ने कहा कि किसान विकास के एजेंडे और सरकार की प्राथमिकता का हिस्सा होना चाहिए, और शासन की योजनाएं किसानों को ध्यान में रखकर तैयार होनी चाहिए। इसी सोच को ध्यान में रखकर केंद्र सरकार ने उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया।

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार चौधरी चरण सिंह की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए किसानों के हित से जुड़े कई कार्यक्रम चला रही है। इसमें लखनऊ में बन रहा चौधरी चरण सिंह सीड पार्क भी शामिल है। चौधरी चरण सिंह का देहावसान 29 मई 1987 को हुआ था।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्यमंत्री केपी मलिक, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद ब्रजलाल, विधायक नीरज बोरा, अमरेश कुमार, विधान परिषद सदस्य लालजी प्रसाद निर्मल, रामचंद्र प्रधान, उमेश द्विवेदी आदि मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित