भुवनेश्वर , नवंबर 07 -- ओडिशा सरकार ने कृषि प्रशिक्षण और विस्तार सेवाओं को मजबूत करने तथा इस सुविधा को बेहतर बनाने के लिए पारादीप फॉस्फेट्स लिमिटेड (पीपीएल) के साथ एक सार्वजनिक-निजी भागीदारी समझौता किया है।
इस समझौता के तहत, पीपीएल किसानों के लिए साल भर प्रशिक्षण कार्यक्रम चलायेगा। यह कार्यक्रम यहां बने स्टेट इंस्टीट्यूट फॉर ट्रेनिंग एंड एक्सटेंशन के अंतर्गत आने वाले किसान प्रशिक्षण स्कूल में होगा। पीपीएल इस परिसर का रख-रखाव करेगा, चौबीसों घंटे सुरक्षा प्रदान करेगा और बागवानी का विकास करेगा। कंपनी संस्थान के मासिक बिजली खर्च का 40 प्रतिशत हिस्सा भी वहन करेगी और कृषि सलाहकार सेवाएं देने के लिए एक तकनीकी विशेषज्ञ को तैनात करेगी।
इस साझेदारी का मकसद आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देना, किसानों के तकनीकी कौशल को निखारना, कृषि-उद्यमिता को प्रोत्साहित करना और विशेष रूप से एग्रो-सर्विस सेंटर्स के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर पैदा करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित