जालंधर , अप्रैल 04 -- पंजाब के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने शनिवार को दोहराया कि राज्य सरकार आगामी गेहूं खरीद सीजन के दौरान किसानों द्वारा लायी गयी फसल के एक-एक दाने को खरीदने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने आठ लाख से अधिक किसानों की सुविधा के लिए पहले ही व्यापक तैयारियां करली हैं। उन्होंने जालंधर, होशियारपुर, कपूरथला, शहीद भगत सिंह नगर, रूपनगर और लुधियाना सहित सात जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों, ट्रांसपोर्टरों और लेबर ठेकेदारों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इसके बाद मीडिया से बातचीत में श्री कटारुचक्क ने बताया कि इस साल पंजाब में गेहूं की बंपर पैदावार होने की उम्मीद है, जिसके लिए 122 लाख टन खरीद का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने 30,973 करोड़ रुपये की नकद ऋण सीमा पहले ही सुरक्षित कर ली है। गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। किसानों को खरीद के 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य भर में 1,897 नियमित खरीद केंद्र (मंडियां) स्थापित किए गए हैं। बंपर फसलको देखते हुए कई अस्थायी केंद्र भी बनाये गये हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने 132 लाख टन की आवक संभालने की क्षमता विकसित की है। इक्यावन लाख टन गेहूं के लिए खुले प्लिंथ में अस्थायी व्यवस्था की गयी है। इसके अलावा, स्टॉक की निकासी के लिए अप्रैल में 409 और मई में 449 विशेष मालगाड़ियों की मांग की गयी है।

श्री कटारूचक्क ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान भुगतान, लिफ्टिंग और बारदाने (बोरियों) की कमी बड़ी समस्या थी, जिससे किसानों को कई दिनों तक मंडियों में रुकना पड़ता था। उन्होंने दावा किया कि भगवंत मान सरकार ने पिछले चार वर्षों के दौरान इन सभी लंबित मुद्दों को हल कर दिया है और अब बारदाने या लिफ्टिंग की कोई कमी नहीं है। साथ ही, इस बार लेबर की दरों में भी वृद्धि की गयी है।

बैठक के दौरान मंत्री ने मंडियों में सफाई, पेयजल, रोशनी और शेड जैसी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे खरीद सीजन के दौरान मंडियों में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें ताकि किसी भी किसान को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि पंजाब 'देश की अन्न टोकरी' है और सरकार इतने बड़े पैमाने पर खरीद को सुचारु रूप से चलाने में सक्षम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित