भीलवाड़ा , मार्च 12 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के सहाड़ा विधायक लादूलाल पीतलिया ने आरोप लगाया है कि विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड और प्रशासन की मिलीभगत से किसानों के खेतों में अवैध रूप से हाईटेंशन लाइन के टावर खड़े किए जा रहे हैं।

श्री पीतलिया ने गुरुवार को पत्रकारों से कहा कि नवदुर्गा कंपनी के ठेकेदार न केवल अवैध टाॅवर लगवा रहे हैं बल्कि विरोध करने वाले किसानों को गुंडों से पिटवा रहे हैं। यह किसानों के साथ सरेआम अन्याय है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने इस मामले को विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने कहा कि जिंदल सॉ कंपनी और प्रशासन न केवल किसानों को आर्थिक नुकसान पहुँचा रहे हैं, बल्कि उनकी उपजाऊ जमीनों को भी बर्बाद कर रहे हैं। चरागाह भूमि में अवैध रूप से पेड़ काटे जा रहे हैं जिससे मवेशियों के सामने संकट खड़ा हो गया है। विधायक ने चेतावनी दी कि अवैध लाइन स्थानांतरण तुरंत नहीं रोका गया, तो वे क्षेत्र में बड़ा जन-आंदोलन शुरू करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित