हुगली (पश्चिम बंगाल) , जून 20 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 18,880 करोड़ रुपये की धनराशि 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में भेजकर देश के अन्नदाताओं को एक और बड़ी राहत प्रदान की। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त के देशव्यापी कार्यक्रम के तहत यहां के तारकेश्वर में आयोजित किया गया था।

श्री मोदी ने इसी कार्यक्रम से उन्होंने पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, एग्रीस्टैक, राष्ट्रीय प्राकृतिक कृषि मिशन और प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना जैसी कई अहम कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन की शुरुआत की, जिससे किसानों की आय सुरक्षा, प्राकृतिक खेती, डिजिटल एग्रीकल्चर और समग्र ग्रामीण विकास को नई गति मिलने जा रही है।

इस किस्त से अकेले पश्चिम बंगाल के 45 लाख से अधिक किसानों को 900 करोड़ रु. से ज्यादा की सहायता मिलेगी, जबकि पूरे देश में 2019 से अब तक पीएम किसान के तहत 4.46 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।

प्रधानमंत्री ने राज्य में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) और पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन की शुरुआत भी की। उन्होंने 2026-27 में करीब 14 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में लगभग 50 लाख किसानों को 28,140 करोड़ रु. से अधिक की फसल बीमा सुरक्षा देने का लक्ष्य तय किया। उन्होंने एग्रीस्टैक के माध्यम से डिजिटल एग्रीकल्चर प्लेटफॉर्म, राष्ट्रीय प्राकृतिक कृषि मिशन के तहत 17,300 हेक्टेयर में 346 प्राकृतिक खेती के क्लस्टर और प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के जरिए पुरुलिया, दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार और झारग्राम जिलों में सिंचाई, फसल विविधीकरण, फसल के समुचित भंडारण के ढांचे और संस्थागत कर्ज तक पहुंच बढ़ाने वाली योजनाओं का भी शुभारंभ किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित