नयी दिल्ली , जून 11 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों के कल्याण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा है कि पिछले 12 वर्षों में उनकी सरकार ने कृषि क्षेत्र को आधुनिक तकनीक, बेहतर वित्तीय सहायता और बाजार से जोड़ने के लिए अनेक सुधारात्मक कदम उठाए हैं, जिससे किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने में मदद मिली है।
श्री मोदी ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर '12 वर्ष किसान समृद्धि' अभियान के तहत गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि किसानों को आधुनिक कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने पर उनकी सरकार का लगातार जोर रहा है। ड्रोन तकनीक, सॉयल हेल्थ कार्ड तथा प्राकृतिक खाद को बढ़ावा देने वाले अभियानों से किसानों को फसल उत्पादकता बढ़ाने और टिकाऊ खेती अपनाने में सहायता मिल रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि खेती तथा अन्य आवश्यकताओं के लिए कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने में किसान क्रेडिट कार्ड योजना किसानों, पशुपालकों और मछुआरों के लिए बेहद उपयोगी साबित हुई है। इसके माध्यम से उन्हें आसानी से वित्तीय सहायता मिल रही है। सरकार की 'बीज से बाजार तक' पहल कृषि मूल्य श्रृंखला को मजबूत कर किसानों को उनकी उपज का बेहतर और उचित मूल्य दिलाने में प्रभावी भूमिका निभा रही है।
किसानों को देश की अन्न सुरक्षा, पोषण और आर्थिक समृद्धि का आधार स्तंभ बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार उनके जीवन को अधिक सुगम बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पीएम-किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना जैसी योजनाएं किसानों की आय को सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र को अधिक सशक्त और लचीला बना रही हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम-कुसुम योजना के माध्यम से किसानों को खेती के लिए सौर ऊर्जा उपलब्ध हो रही है, जिससे कृषि लागत कम हुई है और ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा उपलब्धता भी बढ़ी है।
श्री मोदी ने इस अवसर पर एक संस्कृत सुभाषित , "ते कृषिं च सस्यं च मनुष्या उप जीवन्ति। कृष्टराधिरुपजीवनीयो भवति य एवं वेद" को भी उद्धृत किया और कहा कि कृषि केवल जीविका का साधन नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के पोषण का मूल आधार है। किसानों का पसीना जब मिट्टी में मिलता है तो वह अन्न बनकर देशवासियों के जीवन को संबल प्रदान करता है।
प्रधानमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सरकार के 12 सालों के कार्यकाल की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने पिछले एक दशक में प्रत्यक्ष आय सहायता, फसल बीमा, कृषि मशीनीकरण, डिजिटल सेवाओं और कृषि क्षेत्र में अक्षय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने जैसी पहलों के माध्यम से किसानों की आजीविका मजबूत करने तथा ग्रामीण समृद्धि को बढ़ाने की दिशा में व्यापक प्रयास किए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित