पटना , अक्टूबर 6 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक एवं किसान नेता स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
श्री चौधरी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी संदेश में कहा कि किसानों के अधिकार एवं सम्मान के लिए श्री टिकैत जीवनभर संघर्षरत रहे। किसानों के हितों के लिए उनका संघर्ष और समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के हितों के लिए श्री टिकैत का संघर्ष और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
उल्लेखनीय है कि चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत का जन्म छह अक्टूबर 1935 को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के सिसौली गांव में हुआ था। उन्होंने किसानों को संगठित कर उनके अधिकारों और समस्याओं को लेकर कई बड़े आंदोलनों का नेतृत्व किया। बिजली की दरों, सिंचाई, गन्ने के उचित मूल्य और किसानों के बकाया भुगतान जैसे मुद्दों को उन्होंने प्रमुखता से उठाया। वर्ष 1988 में दिल्ली के बोट क्लब पर आयोजित विशाल किसान रैली उनके प्रमुख आंदोलनों में शामिल रही, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित