नरसिंहपुर , अक्टूबर 26 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नरसिंहपुर जिला उन्नत खेती और आधुनिक कृषि पद्धतियों के लिए देश में विशिष्ट पहचान रखता है। किसानों की मेहनत और यहां की कृषि के उदाहरण देशभर में देखने को मिलते हैं। उन्होंने सोमवार को नरसिंहपुर कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए किसानों की समृद्धि और कृषि विकास के लिए सरकार के प्रयासों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय और समृद्धि बढ़ाने के लिए कृषि के साथ सिंचाई, जल संसाधनों के बेहतर उपयोग और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देना आवश्यक है। सरकार नदी जोड़ो अभियान सहित विभिन्न प्रयासों के माध्यम से कृषि और उससे जुड़े व्यवसायों के विकास पर ध्यान दे रही है। उन्होंने बलराम कृषि महोत्सव को किसानों के बीच आधुनिक तकनीकों, कृषि संबंधी जानकारी और उन्नत खेती के तरीकों को साझा करने का महत्वपूर्ण मंच बताया। उन्होंने किसानों से परंपरागत खेती के साथ अधिक आमदनी देने वाली उन्नत कृषि पद्धतियां अपनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने किसानों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है और उसकी समृद्धि से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। भगवान बलराम की जयंती को किसान दिवस के रूप में मनाने की पहल किसानों के सम्मान और कृषि विकास को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। कार्यक्रम में तेंदूखेड़ा विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल, गोटेगांव विधायक महेंद्र सिंह नागेश, पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल, कप्तान सिंह यादव और रामसनेही पाठक ने भी संबोधित किया।

महोत्सव में आधुनिक कृषि यंत्रों, ड्रिप-स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणालियों, प्राकृतिक खेती और कृषि नवाचारों की प्रदर्शनी लगाई गई। प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव साझा किए। नरसिंहपुर विकासखंड के चीलाचौनकलां निवासी इन्द्रपाल पटेल ने नरवाई प्रबंधन और सुपर सीडर से बोनी के कार्यों की जानकारी दी। चीचली विकासखंड के पुसारिया गांव की शिवानी कौरव ने प्राकृतिक खेती और केंचुआ खाद इकाई के अनुभव साझा किए। गोटेगांव विकासखंड के रीछा गांव के लक्ष्मण पटेल ने भी अपनी कृषि गतिविधियों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन और नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। मेधावी विद्यार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर कपिल यार्दे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अनीता राजेन्द्र ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष नीरज दुबे सहित बड़ी संख्या में किसान और गणमान्यजन उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित