सिरसा , अक्टूबर 17 -- हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष राजेश ठकराल ने कहा कि प्रदेश में किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा।
मंडियों में खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों, व्यापारियों और आढ़तियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसल अच्छी तरह सुखाकर मंडी में लाएं, ताकि खरीद में किसी तरह की बाधा न आए।
श्री ठकराल शनिवार को सिरसा अनाज मंडी में आढ़ती एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। बैठक के बाद उन्होंने मंडी में धान की ढेरियों का निरीक्षण किया और खरीद प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने आढ़तियों की समस्याएं सुनीं और उनके मांगपत्र पर विचार कर संबंधित विभागों के माध्यम से समाधान करवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान बोर्ड के सचिव योगेश कुमार मेहता भी मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की मंडियों में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए दौरे किए जा रहे हैं। रतिया और टोहाना के बाद वह सिरसा अनाज मंडी पहुंचे हैं। हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड सरकार और व्यापारियों के बीच कड़ी के रूप में काम कर रहा है। व्यापारियों और आढ़तियों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाकर उनका समाधान करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नया प्रोजेक्ट शुरू करने के इच्छुक व्यापारियों को भी बोर्ड की ओर से सहयोग दिया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।
हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रोहताश जांगड़ा ने भी व्यापारियों और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी अध्यक्ष इंद्रपाल जांगड़ा, उपाध्यक्ष जनकराज, आढ़ती एसोसिएशन प्रधान प्रेम बजाज, पूर्व प्रधान मनोहर मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, व्यापारी और आढ़ती उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित