जयपुर , अक्टूबर 29 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने कहा है कि भाजपा ग्रामोदय से राष्ट्रोदय के संकल्प में विश्वास करती है इसलिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गांव और किसान की चिन्ता करते हुए योजनायें प्रथमिकता से बनायी गई हैं, ताकि किसान खुशहाल हो, खेत खलिहान समृद्ध हो।
श्री राठौड़ ने गुरुवार को यहां कहा कि किसान के बीज से बाजार तक की चिन्ता करते हुए भाजपा सरकारें काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस के पांच वर्ष के शासनकाल में नहरी तंत्र से सृजित सिंचाई सुविधा 52 हजार 182 हैक्टर थी। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अगुवाई में भाजपा सरकार ने केवल 34 महीने में एक लाख 42 हजार हैक्टर क्षेत्र में सुविधा उपलब्ध करवायी है। उन्होंने कहा कि खेतों में तारबंदी की बात करें तो 113 लाख मीटर काम कांग्रेस ने किया वहीं हमारी सरकार ने 445 लाख मीटर किसान के खेत पर तारबंदी करवायी है।
श्री राठौड़ ने कहा कि इन ऐतिहासिक कामों के बीच में ही राजस्थान को केन्द्र की मोदी सरकार ने बड़ी सौगातें दी हैं, चाहे रामजल सेतु परियोजना हो, यमुना जल से शेखावाटी को पानी देने का काम हो, या किसाउ परियोजना हो इस तरह राजस्थान के किसानों और गांवों को समृद्धि के पथ पर ले जाने का काम हुआ है।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनावों के लिए भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में किसान को वार्षिक 12 हजार रूपये सम्मान निधि से देने, सिचांई के लिए दिन में बिजली उपलब्ध करवाने के साथ ही 10 लाख रोजगार देने का संकल्प लिया है। हम आने वाले समय में स्वयं सहायता समूह को 10 हजार करोड़ रुपये का बैंक से रिण दिलवाने, मातृ वंदन सहायता पांच हजार से बढ़ाकर आठ हजार रुपये करने और विधवा परित्यक्ता पेंशन 1500 रूपये करने का काम भी जल्द करेंगे। श्री राठौड़ ने कहा के हर गांव को पांच करोड़ रूपये विकास के लिए मिलेंगे जिससे ग्राम विकास को नयी दिशा मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित