हैदराबाद/खम्मम , जुलाई 10 -- तेलंगाना के उप मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क ने शुक्रवार को कहा कि खम्मम जिले के जगन्नाथपुरम में 'रायथु आशीर्वाद सभा' में किसानों, महिलाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति कांग्रेस सरकार और उसकी कल्याणकारी पहलों के प्रति किसान समुदाय के समर्थन को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी द्वारा 'वानाकालम रायथु भरोसा' सहायता की अंतिम किस्त जारी करने और ई-पट्टादार पासबुक वितरित करने के बाद सभा को संबोधित करते हुए श्री भट्टी ने कहा कि सरकार ने नौ दिनों के भीतर किसानों के खातों में 9,000 करोड़ रुपये जमा किए हैं। इससे लगभग 74 लाख किसानों को लाभ हुआ है। उन्होंने कहा कि रायथु भरोसा और अन्य किसान कल्याण उपाय कृषि में निवेश हैं, न कि "मुफ्त की रेवड़ियां"।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्वयं सहायता समूहों को 67,000 करोड़ रुपये के ब्याज मुक्त ऋण प्रदान करके और ऋण की सीमा को बढ़ाकर 10 लाख रुपये करके महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता को मजबूत करने के लिए पेट्रोल पंपों, कैंटीनों और बिजली परियोजनाओं के आवंटन में भी उन्हें प्राथमिकता दी जा रही है।
श्री भट्टी ने पिछली बीआरएस सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कालेश्वरम परियोजना भ्रष्टाचार के कारण ठप हो गयी। उन्होंने दावा किया कि जो वादे किये गये थे, उनका लाभ दिए बिना एक लाख करोड़ रुपये से अधिक खर्च कर दिये गये। उन्होंने पिछली सरकार पर फसल के नुकसान का मुआवजा देने में विफल रहने और प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं पर जनता को गुमराह करने का भी आरोप लगाया।
उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सरकार की कल्याणकारी पहलों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उसने पिछले ढाई वर्षों में कृषि पर 1.67 लाख करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए हैं। डिस्कॉम को सालाना 14,000 करोड़ रुपये का भुगतान करके किसानों को मुफ्त बिजली प्रदान की जा रही है। राज्य सरकार ने 1.15 करोड़ परिवारों के लिए 5 लाख रुपये के 'इंदिरम्मा बीमा' कवरेज की घोषणा भी की है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य के कर्ज के बोझ के बावजूद सरकार महिलाओं, किसानों, छात्रों और गरीबों के कल्याण पर ध्यान केंद्रित करते हुए सरकारी स्कूलों के 27 लाख छात्रों के लिए पोषण कार्यक्रम भी लागू कर रही है।
कार्यक्रम में विधान परिषद के अध्यक्ष गुट्टा सुखेंदर रेड्डी, विधानसभा अध्यक्ष गद्दाम प्रसाद कुमार, मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी, मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी, पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी, कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी, श्रीधर बाबू और वाकिटी श्रीहरि के अलावा राज्यसभा सदस्य और मुख्यमंत्री के सलाहकार वेम नरेंद्र रेड्डी भी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित