बेल्लारी , जुलाई 16 -- कर्नाटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने गुरुवार को ऐलान करते हुए कहा कि पार्टी बिदादी में प्रस्तावित वृहद बेंगलुरु उपनगर परियोजना और किसानों के अन्य मुद्दों को लेकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपना राज्यव्यापी आंदोलन तेज करेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार 'किसान-विरोधी' नीतियां अपना रही है।
यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए श्री विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के कड़े विरोध के बावजूद बिदादी उपनगर परियोजना के लिए उपजाऊ कृषि भूमि का अधिग्रहण करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा तब तक अपना आंदोलन जारी रखेगी जब तक सरकार इस परियोजना को वापस नहीं ले लेती और किसान समुदाय के हितों की रक्षा नहीं करती।भाजपा नेता ने किसानों की शिकायतों का समाधान करने में विफल रहने के लिए भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि फसल के नुकसान से प्रभावित किसानों को राहत देने में देरी की जा रही है और कृषि क्षेत्र के सामने आने वाली समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने पूर्णकालिक कृषि मंत्री की नियुक्ति में देरी पर भी सवाल उठाया और कहा कि यह किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता की कमी को दर्शाता है।
भाजपा नेता ने कहा कि भाजपा आने वाले दिनों में पूरे कर्नाटक में अपने विरोध प्रदर्शनों का विस्तार करेगी और सरकार की किसान-विरोधी नीतियों के खिलाफ जनमत तैयार करने के लिए इस आंदोलन को जिला और तालुका मुख्यालयों तक ले जाएगी। भाजपा प्रस्तावित एकीकृत उपनगर परियोजना का यह आरोप लगाते हुए विरोध कर रही है कि इससे किसान अपनी उपजाऊ भूमि और आजीविका से वंचित हो जाएंगे। दूसरी ओर, कांग्रेस सरकार का कहना है कि यह एकीकृत उपनगर एक बड़ी बुनियादी ढांचागत पहल है, जिसका उद्देश्य नियोजित शहरी विकास करना है, और उसने आश्वासन दिया है कि किसानों के हितों की रक्षा की जाएगी।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा सड़कों से लेकर विधायिका तक किसानों के मुद्दों को तब तक उठाती रहेगी, जब तक सरकार उनकी चिंताओं का समाधान नहीं कर देती।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित