पटना , जून 18 -- िहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को कहा कि बिहार की राजधानी पटना में 19 से 21 जून 2026 तक आम महोत्सव आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य किसानों, वैज्ञानिकों, उद्यमियों, व्यापारियों तथा निर्यातकों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है तथा बागवानी क्षेत्र में नवीन तकनीकों के उपयोग, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन एवं निर्यात को बढ़ावा देना है।
श्री सिन्हा ने कहा कि बिहार कृषि प्रबंधन एवं प्रसार प्रशिक्षण संस्थान (बामेती), पटना परिसर में कृषि विभाग, बिहार सरकार के उद्यान निदेशालय की ओर से सुगंधित मिट्टी में उपजे फलों के राजा आम को समर्पित इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
कृषि मंत्री ने कहा कि इस महोत्सव में भाग लेने और जानकारी हासिल करने के बाद राज्य के किसान बागवानी को अपनाकर अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकेंगे।
श्री सिन्हा ने कहा कि बिहार देश के प्रमुख आम उत्पादक राज्यों में शामिल है। राज्य में लगभग 1.64 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में आम की खेती होती है तथा प्रतिवर्ष लगभग 15.84 लाख मीट्रिक टन आम का उत्पादन किया जाता है। बिहार के विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट आम प्रजातियाँ अपनी अलग पहचान रखती हैं, जिनमें भागलपुर का जर्दालु, पटना का दीघा मालदह, मधुबनी का कृष्णभोग, सुपौल का गुलाबखास, सीतामढ़ी का बम्बइया, बक्सर का चौसा, मुंगेर का चुरसा मालदह, दरभंगा का कलकतिया तथा पश्चिमी चंपारण का जर्दा प्रमुख हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित