राजसमंद , अगस्त 02 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार विकसित भारत और विकसित राजस्थान-2047 के संकल्प को साकार करते हुए किसान, महिला, मजदूर एवं युवा कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
श्री शर्मा रविवार को राजसमंद के भिक्षु निलयम में आयोजित समारोह में 491 करोड़ रुपये से अधिक की राशि के 347 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के अवसर पर आयेाजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं से श्रीनाथजी की आस्था एवं महाराणा प्रताप की शौर्य धरा पर विकास गाथा में एक नया अध्याय जुड़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अन्नदाता के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए किसान सम्मान निधि को छह हजार रुपये से बढ़ाकर नौ हजार रुपये किया। वहीं, किसानों को बिजली बिलों में लगभग 61 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान दिया है। प्रधानमंत्री कुसुम योजना से अन्नदाता आज ऊर्जादाता के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पशुपालकों को गोपाल क्रेडिट कार्ड ऋण योजना के अन्तर्गत एक लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण एवं दूध पर पांच रुपये प्रति लीटर अनुदान दे रही है। मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के माध्यम से 23 लाख से अधिक बीमा पॉलिसी की गई हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों से प्राकृतिक एवं उन्नत खेती अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं के बेहतर भविष्य को सुनिश्चित करते हुए शिक्षा से लेकर रोजगार तक राह प्रशस्त की है। पेपरलीक और अन्य अनियमितताओं के मामलों में 569 लोगों को गिरफ्तार कर दोषियों पर कार्रवाई की गई है। ढाई वर्षों में 410 परीक्षाएं बिना किसी पेपर लीक के आयोजित हुई हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं के सरकारी नौकरी के सपने को साकार करते हुए एक लाख 78 हजार से अधिक नियुक्तियां दी गई हैं जबकि एक लाख 32 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही, 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। प्रदेश का युवा नौकरी लेने वाला नहीं नौकरी देने वाला बने इसके लिए राजस्थान युवा नीति लाई गई है, जिससे स्टार्ट अप, उद्यमिता, कौशल विकास से लेकर स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य सरकार के प्रयासों से निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख रोजगार के अवसर सृजित किये गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा का दायरा लगातार बढ़ रहा है। शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक विद्यार्थी को निशुल्क पुस्तक, ड्रेस के साथ-साथ 14 लाख बालिकाओं को साइकिलों का वितरण एवं 46 हजार मेधावी छात्राओं को स्कूटी प्रदान की गई है। भविष्य की बुनियाद को मजबूत करने के लिए आंगनबाडी केन्द्रों में बच्चों को सप्ताह में पांच दिन उपलब्ध कराया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित