रायबरेली , अगस्त 19 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में सलोन थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को बुधवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार सिंह ने बताया कि सलोन थाना पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ वांछित आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में वांछित मुन्ना कुरैशी पुत्र मोईन निवासी धरई, थाना सलोन, कोडरी के जंगल में छिपा हुआ है और वहां से भागने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जंगल में पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार टीम को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध सलोन थाने में मुकदमा अपराध संख्या 257/2026 दर्ज है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(2), पॉक्सो अधिनियम की धारा 5एम/6 तथा एससी/एसटी अधिनियम की धारा 3(2)(वी) के तहत कार्रवाई की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित