फिरोजाबाद , नवंबर 2 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के खैरगढ़ थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ के बाद दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, खैरगढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी शनिवार रात शौच के लिए गांव के बाहर खेतों की ओर गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन रातभर उसका कोई पता नहीं चला। रविवार सुबह एक खेत मालिक ने किशोरी को खेत में गंभीर रूप से घायल और बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। उसने ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों ने किशोरी की पहचान कर परिजनों को जानकारी दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। किशोरी को एंबुलेंस से फिरोजाबाद ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे आगरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की थीं। सोमवार को पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि खैरगढ़ थाना पुलिस, मक्खनपुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को चिन्हित किया था।

उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि मामले के दो आरोपी बाइक से कहीं जा रहे हैं। पुलिस टीम ने नगला रमिया के पास बाइक सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने भागते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषि कुमार और जगत, पुत्र इनाम सिंह, निवासी नगला सक्कू, थाना खैरगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में ऋषि कुमार ने बताया कि उसने किशोरी को फोन कर खेत पर बुलाया था। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर किशोरी के साथ मारपीट की गई और गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास किया गया। किशोरी के बेहोश होने पर आरोपी उसे खेत में छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, एक खोखा और बाइक बरामद की है। पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है। दोनों आरोपियों को उपचार के बाद वैधानिक कार्रवाई पूरी कर जेल भेजा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित