होशियारपुर , अक्टूबर 02 -- पंजाब के होशियारपुर जिले में टांडा पुलिस ने 17 वर्षीय किशोरी के कथित अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में हिमाचल प्रदेश निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
टांडा थाना प्रभारी निरीक्षक अमरजीत कौर ने शुक्रवार को बताया कि टांडा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी 16 सितंबर को परीक्षा देने के लिए सरकारी कन्या स्कूल गयी थी, लेकिन घर वापस नहीं लौटी। वह 24 सितंबर को घर लौटी और सदमे की स्थिति में थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि किशोरी ने अपनी मां को बताया कि आरोपी उसे 16 सितंबर को स्कूल के पास से मोटरसाइकिल पर ले गया और उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके साथ शारीरिक संबंध बनाये। किशोरी ने यह भी बताया कि आरोपी ने उसे धमकाया था।
सुश्री कौर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित