सोनभद्र , जुलाई 11 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले की राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस व एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग की संयुक्त टीम ने एक नाबालिग बालिका की अलीगढ़ जिले में 1.20 लाख रुपये में खरीद फरोख्त व दुष्कर्म करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शनिवार को बताया कि राबर्ट्सगंज कोतवाली में पूर्व में एक अभियोग दर्ज हुआ था जिसमें जिला सोनभद्र की एक नाबालिग बालिका की 1.20 लाख में खरीद फरोख्त कर दुष्कर्म करने व जबरन शादी करने का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में पुलिस टीम आरोपियों के गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई थी। शुक्रवार को पुलिस की संयुक्त टीम ने एक सूचना के आधार पर राबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन के पास से अलीगढ़ जिले के सासनी गेट पक्की सराय निवासी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त अमित कुमार ने बताया कि सहअभियुक्त बिन्दु, सोनी एवं शिव सिंह उर्फ रामलाल के माध्यम से नाबालिग पीड़िता को अलीगढ़ लाया गया था। उसके पिता अशोक पंडित के साथ मिलकर लगभग एक लाख 20 हजार रुपये देकर पीड़िता को खरीदा तथा उसका जबरन विवाह अपने छोटे भाई राहुल कुमार से कराया। अभियुक्त ने यह भी स्वीकार किया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए वह लगातार फरार चल रहा था।

राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त अमित कुमार के खिलाफ अग्रिम कार्यवाही कर न्यायालय भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित