आजमगढ़ , फरवरी 17 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरेहथा गांव में मंगलवार सुबह एक 15 वर्षीय छात्रा का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार गुरेहथा गांव निवासी अशोक पासवान की पुत्री अनुष्का सोमवार रात अपने आठ वर्षीय छोटे भाई अंश के साथ कमरे में सोने गई थी। मंगलवार सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर मां उसे जगाने पहुंची। दरवाजा खटखटाने पर छोटे भाई ने दरवाजा खोला। दरवाजा खुलते ही मां ने देखा कि अनुष्का दुपट्टे के फंदे से लटकी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

मेंहनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि छात्रा द्वारा यह कदम उठाने के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित