मुंबई , जुलाई 11 -- मुंबई पुलिस ने शहर के पूर्वी उपनगरों में 16 साल की किशोरी का पीछा करने, उसे परेशान करने और उसके साथ मारपीट करने के आरोप में टेलीविजन कलाकार रोहित चंदेल को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। रोहित के खिलाफ 'बाल यौन अपराध संरक्षण अधिनियम' (पोस्को) और 'भारतीय न्याय संहिता' की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि किशोरी ने शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें उसने आरोप लगाया कि रोहित लगातार उससे संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, जबकि वह उनसे बात नहीं करना चाहती थी।जब लड़की ने जवाब देना बंद कर दिया, तो रोहित ने कथित तौर पर अपने नंबर और अन्य मोबाइल नंबरों से बार-बार फोन किये। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने कुछ समय तक उस किशोरी का पीछा किया और उसे परेशान किया। गत पांच जुलाई को रोहित ने कथित तौर पर किशोरी को उसके रिहायशी कॉम्प्लेक्स के पास रोका तथा उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने पोस्को और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
जांचकर्ताओं ने संकेत दिया है कि आरोपी और शिकायतकर्ता पहले से एक-दूसरे को जानते थे, हालांकि अधिकारियों ने उनके संबंधों की प्रकृति के बारे में और जानकारी नहीं दी है। पुलिस कॉल रिकॉर्ड, इलेक्ट्रॉनिक सबूत और गवाहों के बयानों की जांच कर रही है।
रोहित ने 'पांड्या स्टोर' सहित कई हिंदी टेलीविजन धारावाहिकों में काम किया है।
पीड़िता के आरोपों के संबंध में कलाकार, उनके वकील या उनके प्रतिनिधियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित