चंडीगढ़, 21अप्रैल (वार्ता) हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने लोगों से अपील की है कि किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) संक्रमण के खिलाफ टीकाकरण जरूर करवाया जाये। उन्होंने बताया कि यह टीका राज्य में नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
चंडीगढ़ में जनता की शिकायतें सुनते सुश्री राव ने कहा कि सरकार करीब तीन लाख किशोरियों को यह टीका लगाने का लक्ष्य लेकर चल रही है, ताकि युवा लड़कियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने बताया कि 28 फरवरी को राज्य में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत की गयी थी। यह टीका एचपीवी के प्रकार 16 और 18 से सुरक्षा देता है, जो सर्वाइकल कैंसर के मुख्य कारण हैं, साथ ही प्रकार छह और 11 से भी बचाव करता है। इस योजना के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियां लक्षित हैं।
उन्होंने कहा कि गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर सर्विक्स में विकसित होता है और इसका मुख्य कारण एचपीवी का दीर्घकालिक संक्रमण है। धूम्रपान, कम उम्र में विवाह और गर्भधारण, बार-बार प्रसव तथा कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली इसके जोखिम को बढ़ाते हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि टीकाकरण के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि किशोरियां खालीपेट न हों और टीकाकरण से पहले अभिभावकों की ओटीपी आधारित या लिखित सहमति अनिवार्य रूप से ली जाये। सुश्री राव ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार और सर्वाइकल कैंसर के मामलों और मृत्यु दर को कम करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जागरूकता बढ़ाने, समय पर जांच और बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने दोहराया कि सरकार का लक्ष्य हर महिला को समय पर निदान और उचित उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि सर्वाइकल कैंसर को जड़ से समाप्त किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित