हैदराबाद , मई 18 -- केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने रविवार रात चेरलापल्ली रेलवे स्टेशन से चेरलापल्ली से तिरुचानूर (तिरुपति) के लिए एक नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखायी और कहा कि तेलंगाना भर में लगभग 40,000 करोड़ रुपये के रेलवे विकास कार्य वर्तमान में चल रहे हैं।
केन्द्रीय मंत्री ने इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास शमशाबाद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के स्तर पर किया जा रहा है, जिसमें 720 करोड़ रुपये की लागत से विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि नामपल्ली रेलवे स्टेशन पर आधुनिकीकरण के कार्य भी 350 करोड़ रुपये के निवेश के साथ तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
श्री किशन रेड्डी ने बताया कि तेलंगाना भर में 42 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास एक साथ किया जा रहा है, जिसे उन्होंने स्वतंत्रता के बाद से एक ही रेलवे क्षेत्राधिकार में इस तरह की पहली बड़े पैमाने की पहल बताया। उन्होंने कहा कि हाईटेक सिटी, हाफिजपेट, याकूतपुरा, मलकापेट और उप्पुगुडा सहित अन्य स्टेशनों को भी आधुनिक सुविधाओं के साथ उन्नत किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हाल ही में चालू हुआ चेरलापल्ली रेलवे टर्मिनल, सिकंदराबाद, नामपल्ली और काचीगुडा स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ को कम करने में मदद कर रहा है। उनके अनुसार, लगभग 46 ट्रेनें और लगभग 28,000 यात्री प्रतिदिन इस टर्मिनल का उपयोग कर रहे हैं।
उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से भी चेरलापल्ली रेलवे स्टेशन तक सड़क संपर्क कार्यों में तेजी लाएं जाने की अपील की।
श्री किशन रेड्डी ने आगे घोषणा की कि केंद्र आने वाले दिनों में चेरलापल्ली से एमएमटीएस सेवाओं के विस्तार पर ध्यान केंद्रित करेगा।
चेरलापल्ली और तिरुचानूर के बीच शुरू की गई नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा कल से चालू हो गई है। ट्रेन संख्या 17059 प्रत्येक रविवार को 21:30 बजे चेरलापल्ली से रवाना होगी और सोमवार को 12:30 बजे तिरुचानूर पहुंचेगी। वापसी की दिशा में, ट्रेन संख्या 17060 हर सोमवार को 16:00 बजे तिरुचानूर से रवाना होगी और मंगलवार को 08:00 बजे चेरलापल्ली पहुंचेगी।
तेलंगाना में यह ट्रेन मलकाजगिरी, काचीगुडा, शादनगर, महबूबनगर, वनपर्थी रोड और गडवाल स्टेशनों पर रुकेगी। आंध्र प्रदेश में, यह कुरनूल सिटी, धोने, गूटी, ताडिपत्री, येर्रागुंटला, कडप्पा, राजमपेट और रेनिगुंटा जंक्शनों पर रुकेगी।
श्री किशन रेड्डी ने तिरुमाला में भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से इस नई नियमित ट्रेन सेवा का लाभ उठाने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित