किशनगंज , जून 29 -- बिहार में किशनगंज जिले की पुलिस ने दो युवकों को 8.5 ग्राम स्मैक और नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार की शाम संध्या गश्ती के दौरान पुलिस को दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 8.5 ग्राम स्मैक और 140 रुपये नकद बरामद किए गए।
सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलबस्ती निवासी मोहम्मद चुन्ना तथा मोतीबाग निवासी रवि राय के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद स्मैक और नकदी को जब्त कर दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जिससे स्मैक के स्रोत, इसकी आपूर्ति करने वाले तस्करों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित