किशनगंज , मई 15 -- बिहार में किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में ट्रक चालक और खलासी की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि एलआरपी चौक स्थित एनएच-337 ई ओवरब्रिज पर गुरुवार की देर रात ट्रक चालक सोहेल और खलासी सादिक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के खराब टायर को देखने के लिए अपने वाहन से उतरे थे। इसी दौरान सिलीगुड़ी की ओर जा रहे तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने दोनों को कुचल दिया।
सूत्रों ने बताया कि हादसे में चालक सोहेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल खलासी सादिक को इलाज के लिए किशनगंज सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दोनों मृतक उत्तर प्रदेश के शामली जिले के निवासी थे और प्लाईवुड लोड ट्रक लेकर उत्तर प्रदेश से असम जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे में शामिल वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित