किशनगंज, अप्रैल 13 -- बिहार में किशनगंज जिले के कोचाधामन थाना क्षेत्र से पुलिस ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष समेत दो लोगों को भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोचाधामन थाना प्रभारी रंजय कुमार सिंह को सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से एक वाहन के जरिए अवैध विदेशी शराब बिहार लाई जा रही है। सूचना के आधार पर चरधरिया चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच शुरू की गई।इस दौरान किशनगंज की ओर से आ रही एक कार को रोककर तलाशी ली गयी। तलाशी के दौरान कार से 264 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी।

सूत्रों ने बताया कि इस सिलसिले में भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रोहित चौधरी और छोटू नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। रोहित चौधरी शहर के रुईधासा का निवासी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित