किशनगंज , फरवरी 07 -- बिहार सरकार के कृषि विभाग की ओर से आत्मा योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में आयोजित राज्य स्तरीय पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि विज्ञान केंद्र में शनिवार को किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम तेलहन एवं दलहन उत्पादन विषय पर आधारित है। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में कटिहार जिले से आए 20 किसानों ने भाग लिया । इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, किशनगंज के वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. राजीव सिंह ने अपने संबोधन में तेलहन एवं दलहन फसलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि फसल विविधीकरण एवं उन्नत तकनीकों को अपनाकर किसान कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर उद्यान वैज्ञानिक डॉ. मंजू कुमारी ने दलहन एवं तेलहन फसलों के साथ समेकित कृषि प्रणाली एवं पोषण सुरक्षा पर विस्तार से जानकारी दी।
कृषि प्रसार वैज्ञानिक डॉ. अलीमुल इस्लाम ने किसानों को प्रशिक्षण कार्यक्रम की उपयोगिता बताते हुए कहा कि वैज्ञानिक पद्धति से की गई खेती न केवल उत्पादन बढ़ाती है, बल्कि किसानों की आय को भी स्थायी रूप से मजबूत बनाती है । उन्होंने किसानों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त तकनीकी ज्ञान को अपने खेतों में अपनाने की अपील की।
इस अवसर पर कटिहार के आजम नगर के प्रखंड तकनीकी प्रबंधक उपस्थित थे। कृषि विभाग के अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रशिक्षण से किसानों की तकनीकी क्षमता में वृद्धि होगी तथा क्षेत्र में तेलहन एवं दलहन उत्पादन को नई दिशा मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित