भिण्ड , सितंबर 03 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के दबोह थाना क्षेत्र के अमाहा गांव में पेट दर्द से परेशान 10 वर्षीय बच्ची की कथित तौर पर किराना दुकान से लाई गई दवा खाने के बाद मौत हो गई। घटना के दो दिन बाद परिजनों ने दुकानदार के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अमाहा निवासी रविंद्र दौहरे ने बताया कि वह ट्रक लेकर कोंच गए थे। इस दौरान उनकी पत्नी शारदा देवी ने फोन कर बताया कि उनकी 10 वर्षीय बेटी पूर्वी के पेट में दर्द हो रहा है। इसके बाद शारदा ने मोहल्ले की रितु को गांव में पातीराम कुशवाहा की किराना दुकान से दवा लाने भेजा। रितु एक टैबलेट लेकर आई, जिसकी आधी गोली शारदा ने पूर्वी को खिला दी।
पुलिस के अनुसार, टैबलेट खाने के कुछ देर बाद पूर्वी की हालत बिगड़ गई। इसी दौरान रविंद्र भी कोंच से लौट आए और बेटी को उपचार के लिए लहार सिविल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, इलाज के दौरान बच्ची के मुंह और नाक से झाग निकल रहा था।
बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने किराना दुकानदार पातीराम कुशवाहा पर गलत दवा देने का आरोप लगाते हुए दबोह थाने में आवेदन दिया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी रवि उपाध्याय ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इसमें यह पता लगाया जा रहा है कि दवा कहां से खरीदी गई, बच्ची को कौन सी दवा दी गई और दवा खाने के कितनी देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ी। पुलिस के अनुसार, बच्ची की मौत दवा खाने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य चिकित्सकीय कारण था, यह मेडिकल जांच और रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित