सूरजपुर , अप्रैल 13 -- छत्तीसगढ़ में सूरजपुर के ग्राम सोनपुर स्थित किराना एवं रेडिमेड सामान की एक दुकान में हुई चोरी के मामले में चौकी बसदेई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 93 हजार रुपये मूल्य का माल बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी सदीक मोहम्मद ने 12 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 अप्रैल की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद अज्ञात चोरों ने दुकान के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने सीसीटीवी का डीवीआर, नगदी, सोने के जेवर, गुटखा-सिगरेट, कपड़े और अन्य सामग्री चोरी कर ली। घटना के बाद दुकान में सामान बिखरा मिला।

प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम शिवप्रसादनगर निवासी राहुल सोनवानी और मानसाय खरसनिहां संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सीसीटीवी डीवीआर, 11,140 रुपये नगद, विभिन्न कपड़े, गुटखा-सिगरेट, एटीएम व क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड तथा दो सोने के कंगन सहित कुल 93 हजार रुपये का सामान बरामद किया। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामलों में शामिल रहे हैं।

मामले में संगठित रूप से अपराध किए जाने के कारण भारतीय न्याय संहिता की अतिरिक्त धारा जोड़ी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित