रुद्रपुर , जून 27 -- उत्तराखंड की ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को 52.08 ग्राम स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 16 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, नकदी और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

एसएसपी अजय गणपति के अनुसार "नशा मुक्त देवभूमि" अभियान के तहत मादक द्रव्य निरोधक बल (एएनटीएफ) रुद्रपुर और कोतवाली किच्छा पुलिस की टीम की ओर से शुक्रवार को चौकी कलकत्ता फार्म क्षेत्र में गश्त और वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान सूर्य नगर गेट नंबर-5 के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर दोनों के पास से 52.08 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में मुख्य आरोपी ने नेपाल के लोगों को भी स्मैक की आपूर्ति करने की बात स्वीकार की है। पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन सिंह (20) निवासी सिंघाड़ा उर्फ टाटरगंज, थाना हजारा, जिला पीलीभीत (हाल निवासी बिठोरा मझोला, कोतवाली नानकमत्ता, ऊधमसिंहनगर तथा सुखविंदर सिंह (19) निवासी गुरुनानक नगरी, कोतवाली सितारगंज, ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बजाज पल्सर मोटरसाइकिल , तीन मोबाइल फोन, आधार कार्ड, बैंक कार्ड और नकदी बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली किच्छा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित