बैतूल , मार्च 30 -- मध्यप्रदेश में बैतूल शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक घर के किचन में फ्रिज के नीचे अत्यंत विषैला रसेल वाइपर सांप मिलने से हड़कंप मच गया, हालांकि समय रहते रेस्क्यू कर बड़ी घटना टाल दी गई।

जानकारी के अनुसार कॉलोनी निवासी रितेश खंडेलवाल के घर में फ्रिज के कंप्रेसर के पास सांप छिपा हुआ था, जो धीरे-धीरे किचन क्षेत्र तक पहुंच गया। सांप दिखने पर परिवार के सदस्यों में घबराहट फैल गई और तत्काल सर्पमित्र को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंचे सर्पमित्र विशाल विश्वकर्मा ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। फ्रिज के नीचे छिपे होने के कारण सांप को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित रूप से पकड़ लिया गया और बाद में जंगल में छोड़ दिया गया।

विशेषज्ञों के अनुसार रसेल वाइपर देश के सबसे खतरनाक सांपों में गिना जाता है, जिसका जहर रक्त के थक्के बनने की प्रक्रिया को बाधित कर आंतरिक रक्तस्राव का कारण बन सकता है।

विशेषज्ञों ने बताया कि गर्मी के मौसम में सांप ठंडी और अंधेरी जगहों की तलाश में घरों में प्रवेश कर जाते हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहने और स्वयं सांप पकड़ने का प्रयास न करने की सलाह दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित