कासगंज , मार्च 06 -- उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में होली के अवसर पर एक महिला की पीट पीट कर हत्या के मामले में पुलिस ने एक ही परिवार के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि कल देर शाम को अमापुर थाना क्षेत्र के गांव भगूपुरा में कुत्ते के काटने के विवाद को लेकर एक ही परिवार के छह लोगों ने 50 साल की महिला रूचि सोलंकी की ईंट व डंडो से पीट पीट कर हत्या कर दी थी। मृतक पक्ष की ओर से अमापुर थाना में दी गयी तहरीर में रीता सोलंकी, उसका पति नीरज सोलंकी, बेटा शिवम सोलंकी और बेटी यसिका सोलंकी सहित छह लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी गयी है।
आरोप है कि आरोपी मृतक महिला को डंडो से मारते हुए घर के अंदर खींच ले गए जहाँ ईंट प्रहार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के चश्मदीद गवाह मृतक का 10 वर्षीय पुत्र हार्दिक था जिसने अपने दोस्त के घर से पुलिस को फोन कर सूचना दी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित