वाराणसी , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निर्माण हो चुका है, लेकिन मंदिर के बगल में मौजूद ढांचे से संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने विश्वास जताया कि अयोध्या की तरह इस मामले में भी अंततः सत्य की जीत होगी।
दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे श्री मौर्य सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में 'विकसित भारत जी-राम अधिनियम, 2025' के तहत आयोजित पंच सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पुनः बनेगी।
उन्होंने कहा, "काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बन चुका है, लेकिन मंदिर के बगल में एक ढांचा खड़ा है। उसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। यदि सत्य हमारे पक्ष में है तो जीत भी हमारे पक्ष में ही होगी। जिस दिन निर्णय हमारे पक्ष में आएगा, उस दिन राम मंदिर की तरह भगवान विश्वनाथ का भव्य मंदिर भी सभी देखेंगे।"उपमुख्यमंत्री ने मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद का भी उल्लेख करते हुए कहा कि वहां का मामला भी न्यायालय में लंबित है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि उन्हें मुस्लिम वोटों का मोह नहीं है तो उन्हें श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर भी स्पष्ट रूप से अपनी राय रखनी चाहिए।
श्री मौर्य ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि न्यायालय के माध्यम से इन मामलों का समाधान होगा और भविष्य में लोग भव्य मंदिरों का निर्माण होते देखेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित