वाराणसी , जनवरी 31 -- श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पांच इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट्स (प्रत्येक 8-सीटर) का दान किया गया है। इन कार्ट्स का उपयोग विशेष रूप से दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के सुगम आवागमन तथा निर्बाध दर्शन के लिए किया जाएगा।
मंदिर न्यास की ओर से डिप्टी कलेक्टर शंभू शरण ने बताया कि इन कार्ट्स का संचालन मैदागिन से गोदौलिया के बीच किया जाएगा। नगर निगम द्वारा इनके संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सुविधा काशी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।
यह दान लीला ग्रुप ऑफ शिप रीसाइक्लिंग यार्ड्स से जुड़े उद्योगपति एवं समाजसेवी कोमलकांत शर्मा की प्रेरणा से प्रदान किया गया है। इसे सनातन परंपरा के प्रति आस्था और जनसेवा की भावना से जुड़ी पहल बताया गया है। इन इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट्स के माध्यम से मंदिर परिसर और कॉरिडोर क्षेत्र में आवागमन और अधिक सुगम होगा, जिससे विशेष जरूरत वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सम्मानजनक दर्शन का अवसर मिल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित