वाराणसी , सितंबर 22 -- श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं श्री काशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के नव नियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र ने मंगलवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम का गहन निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान श्री मिश्र ने धाम क्षेत्र का भ्रमण करते हुए श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास मार्ग, जिग-जैग दर्शन व्यवस्था, कतार प्रबंधन, आवागमन तथा सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध शुद्ध पेयजल, स्वच्छता, विश्राम सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी जानकारी ली।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने वृद्ध एवं जरूरतमंद श्रद्धालुओं के लिए संचालित मुमुक्षु भवन का भी निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से धाम में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध नवीन एवं वर्तमान व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
इस दौरान श्री मिश्र ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं के आवागमन और दर्शन व्यवस्था में किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रवेश मार्गों और जिग-जैग व्यवस्था में प्रभावी कतार प्रबंधन, शुद्ध पेयजल एवं स्वच्छता की व्यवस्था निरंतर सुनिश्चित करने के साथ श्रद्धालु सुविधाओं का नियमित अनुश्रवण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर शंभू शरण, उप जिलाधिकारी पवन प्रकाश पाठक सहित मंदिर न्यास एवं परिषद के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। श्री मिश्र ने कहा कि श्री काशी विश्वनाथ धाम आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक दर्शन उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं के अनुरूप धाम की व्यवस्थाओं का निरंतर निरीक्षण कर आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित