पटना , मई 11 -- बिहार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने सोमवार को कहा कि सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर को वाराणसी के काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।

मंत्री श्री गुप्ता आज सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की और स्थानीय लोगों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन के माध्यम से राज्य को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसके तहत अगले पांच वर्षों में लगभग 20 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत 2047' के विजन को साकार करने के लिए बिहार सरकार पर्यटन क्षेत्र को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा।

श्री गुप्ता ने बताया कि हाल ही में राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में सोनपुर के प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए राज्य सरकार ने 680 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।उन्होंने कहा कि हरिहरनाथ मंदिर बिहार का प्राचीन एवं प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है।उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर मॉडल पर इसके विकास से यहां बेहतर कनेक्टिविटी, आधुनिक सुविधाएं, पार्किंग, गेस्ट हाउस और अन्य पर्यटक-अनुकूल ढांचा तैयार होगा। इससे श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि होने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित