वाराणसी , फरवरी 26 -- धार्मिक नगरी काशी अब पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी विश्व पटल पर अपना नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज कराने जा रही है। आगामी एक मार्च को रामनगर के डोमरी में एक अभूतपूर्व महाभियान चलाया जाएगा, जिसमें मात्र एक घंटे के भीतर तीन लाख पौधे रोपे जाएंगे।

इस विशाल लक्ष्य के साथ नगर निगम का उद्देश्य न केवल शहर की हरियाली बढ़ाना है, बल्कि इस उपलब्धि को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज कराना है। इस महाभियान को सफल बनाने के लिए गुरुवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सिगरा स्थित नगर निगम सभागार में पार्षदों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। महापौर ने सभी पार्षदों से अपील की कि वे एक मार्च को कम से कम 50 समर्थकों के साथ डोमरी पहुंचें। इससे पहले महापौर ने जिला प्रशासन व नगर निगम के अधिकारियों के साथ डोमरी का स्थलीय निरीक्षण भी किया।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि डोमरी के 350 बीघा क्षेत्र को एक विशाल 'वन क्षेत्र' के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां नीम, पीपल, पाकड़ और बरगद जैसे पारंपरिक वृक्षों के साथ-साथ हर्बल पार्क और नक्षत्र वाटिका भी बनाई जाएगी। इस क्रम में जमीन के चिन्हांकन और गड्ढे खोदने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित