वाराणसी , जून 14 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी को बुनियादी सुविधाओं से परिपूर्ण करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। नगर निगम क्षेत्र के अत्यधिक प्रभावित 22 वार्डों में सीवर और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए बुनियादी ढांचे को पूरी तरह नया स्वरूप देने की तैयारी है।

इसी क्रम में अमृत-2.0 योजना के तहत शहर में 2,161 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से 353.13 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन और 651.64 किलोमीटर लंबी पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य जल्द ही गति पकड़ेगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा रखी जा चुकी है। इसी कड़ी में रविवार को शहर के पांच प्रमुख प्रभावित वार्डों में कार्य का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया।

महापौर अशोक कुमार तिवारी एवं कैंट क्षेत्र के विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में भूमि पूजन कर विकास कार्यों की शुरुआत की। उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) की देखरेख में इस कार्य को तेजी से पूरा किया जाएगा।

इस मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी ने जनता से सहयोग की अपील की। उन्होंने धरातलीय सच्चाई सामने रखते हुए कहा कि सीवर व पानी की नई पाइपलाइन बिछाने के इस बड़े कार्य में लगभग एक साल का समय लग सकता है। इस अवधि के दौरान सड़कों पर गड्ढे खोदने और निर्माण कार्य चलने से नागरिकों को आवागमन में थोड़ी असुविधा और कष्ट का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन महापौर ने आश्वस्त करते हुए कहा कि यह एक साल की अस्थायी समस्या आने वाले 70-75 वर्षों तक का स्थायी समाधान लेकर आ रही है।

इस परियोजना के पूरा होने के बाद काशीवासियों को अगले 70 वर्षों तक सीवर जाम और ओवरफ्लो की समस्या से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी। साथ ही घरों में पानी का दबाव भी बढ़ेगा और हर घर तक शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

पहले चरण में पांच अत्यधिक प्रभावित वार्डों में सीवर लाइन और गृह संयोजन (हाउस कनेक्शन) का काम शुरू किया गया है। 166.22 करोड़ रुपये की लागत से कुल 73.54 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी तथा 15,748 घरों को सीवर कनेक्शन से जोड़ा जाएगा। इससे करीब 11,680 आबादी सीधे तौर पर लाभान्वित होगी।

बंगाली टोला में पार्षद चंद्रनाथ मुखर्जी की उपस्थिति में राजश्री होटल के पास पांडे हवेली में कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद जगमबाड़ी में पार्षद विजय द्विवेदी, बागहाड़ा में पार्षद शमा परवीन, शिवाला में पार्षद राजेश यादव 'चल्लू' और शाम को नगवा में पार्षद माधुरी सिंह की मौजूदगी में क्रमशः तय स्थलों पर भूमि पूजन कर कार्य शुरू कराया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित