वाराणसी , मई 8 -- वाराणसी नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए टैक्स सॉफ्टवेयर में बदलाव कर लिया है। अब गृहकर, जलकर व सीवर कर जमा करने वाले भवन स्वामियों को 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। वहीं ऑनलाइन भुगतान करने पर अतिरिक्त 2 प्रतिशत की छूट के साथ कुल 12 प्रतिशत का लाभ मिलेगा।
निगम ने पहली बार स्वतंत्रता सेनानियों और पद्म पुरस्कार विजेताओं को भी संपत्ति कर में 50 प्रतिशत की छूट देने का निर्णय लिया है। यह जानकारी शुक्रवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने दी।
नगर आयुक्त ने बताया कि दृष्टिबाधित और 80 प्रतिशत से अधिक विकलांगता वाले भवन स्वामियों का पूरा टैक्स माफ कर दिया गया है। हालांकि, इसके लिए सक्षम अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण-पत्र निगम कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा।
नगर आयुक्त ने कहा कि शहर के 2.33 लाख भवन स्वामियों को 15 जुलाई तक छूट का लाभ उठाने का अवसर मिलेगा। जिन लोगों ने चालू वित्तीय वर्ष का टैक्स पहले ही जमा कर दिया है, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। उनकी बढ़ी हुई छूट राशि का समायोजन अगले वित्तीय वर्ष के बिल में कर दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित