वाराणसी , फरवरी 4 -- त्तर प्रदेश के काशी शहर की सूरत संवारने और सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बुधवार को शहर के विभिन्न इलाकों का औचक निरीक्षण किया। अचानक अधिकारियों के साथ सड़कों पर निकले नगर आयुक्त ने पुलिस लाइन चौराहे से लेकर मैदागिन तक का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, हॉर्टिकल्चर तथा सीवर-पेयजल संबंधी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
नगर आयुक्त का काफिला सुबह होते ही पुलिस लाइन चौराहे पर पहुंचा। यहां से वे मकबूल आलम रोड, हुकुलगंज तिराहा और चौका घाट होते हुए लहुराबीर तक गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़कों पर कूड़ा उठान की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्य मार्गों पर कूड़ा दिखने पर संबंधित सफाई निरीक्षक एवं खाद्य निरीक्षक की जवाबदेही तय की जाएगी। कबीर चौरा और मैदागिन जैसे भीड़-भाड़ वाले इलाकों में उन्होंने रात्रि सफाई को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया ताकि सुबह शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित