वाराणसी , सितंबर 30 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सात अक्टूबर को वाराणसी में पार्टी की विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। रोहनिया के जगतपुर स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में प्रस्तावित जनसभा में भाजपा ने 50 हजार लोगों की जुटान का लक्ष्य रखा है।
श्री नवीन के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी जनसभा को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा को लेकर भाजपा की क्षेत्र, जिला और महानगर इकाइयों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
सर्किट हाउस में बुधवार को हुई बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल ने जनसभा की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर से 17 सितंबर को शुरू हुई 'सेवा संकल्प बाइक यात्रा' का सात अक्टूबर को प्रधानमंत्री की कर्मभूमि वाराणसी में समापन होगा। इसी अवसर पर जगतपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की विशाल जनसभा आयोजित की गई है।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने बताया कि वडनगर से निकले 500 बाइक यात्री सात अक्टूबर को वाराणसी पहुंचेंगे। उनका नमो घाट पर भव्य स्वागत किया जाएगा। श्री राठौर ने बताया कि सेवा संकल्प बाइक यात्रा के सभी 500 यात्री नमो घाट पर 'नमो बुक फेस्टिवल' का अवलोकन करेंगे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लिखी 450 से अधिक पुस्तकें प्रदर्शित की जाएंगी। इसके बाद सभी यात्री क्रूज से ललिता घाट पहुंचेंगे और अपने साथ लाए जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद वे जगतपुर में आयोजित नितिन नबीन की जनसभा में शामिल होंगे।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने कार्यकर्ताओं से जनसभा की तैयारियों में तत्काल जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए जिन कार्यकर्ताओं को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे उस पर अभी से काम शुरू कर दें।
क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि जनसभा की तैयारियों को लेकर जिला और महानगर पदाधिकारियों की बैठकें एक अक्टूबर को होंगी। मोर्चों, प्रकोष्ठों, विभागों और मंडलों की बैठकें दो, तीन और चार अक्टूबर को आयोजित की जाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित