वाराणसी , मई 13 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में बुधवार को बीएचयू सिंह द्वार के सामने मालवीय प्रतिमा के पास सफाईकर्मियों ने वेतन वृद्धि और विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। नाराज सफाईकर्मियों ने बीएचयू-लंका मार्ग पर कचरा बिखेरकर अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन को देखकर तमाशबीनों की भीड़ भी उमड़ पड़ी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर सफाईकर्मियों को वापस भेजा और मार्ग को साफ कराया। सफाईकर्मियों ने बताया कि वे प्रतिदिन शहर को स्वच्छ बनाने के लिए सुबह ही निकल जाते हैं और देर शाम तक ड्यूटी करनी पड़ती है। उनकी मेहनत के अनुरूप पर्याप्त वेतन नहीं मिलता और न ही समय पर वेतन दिया जाता है। कठिन मेहनत को देखते हुए वेतन वृद्धि उनकी प्रमुख मांग है।

सफाईकर्मियों का कहना है कि जितना वेतन मिलता है, उसमें परिवार चलाना, बच्चों की पढ़ाई और बीमारी के इलाज समेत तमाम समस्याओं का सामना करना पड़ता है। नगर निगम सफाईकर्मियों के हितों को ध्यान में नहीं रखता। सम्मान देने की बात तो की जाती है, लेकिन कितना सम्मान मिलता है, यह सभी जानते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित