वाराणसी , अगस्त 22 -- 'स्वच्छ काशी, सुंदर काशी' के संकल्प के तहत नगर निगम ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लगातार मजबूत कर रहा है। इसी क्रम में करसड़ा स्थित वेस्ट टू कंपोस्ट प्लांट में बीते सात महीनों के दौरान कचरा प्रसंस्करण की गति में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। जनवरी की तुलना में जुलाई 2026 तक कूड़े के प्रसंस्करण में करीब 35.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में करसड़ा स्थित वेस्ट टू कंपोस्ट प्लांट से करीब 50 हजार टन जैविक खाद (कंपोस्ट) का उत्पादन किया गया। इसे विभिन्न उर्वरक कंपनियों को बिक्री के लिए भेजा गया है। वहीं, इसी प्लांट से 52 हजार टन रिफ्यूज डिराइव्ड फ्यूल (आरडीएफ) का उत्पादन हुआ, जिसे देश की प्रमुख सीमेंट कंपनियों और वेस्ट-टू-एनर्जी संयंत्रों को ईंधन के रूप में भेजा गया है।
शहर में प्रतिदिन करीब 1,000 से 1,300 टन ठोस अपशिष्ट निकलता है। इसके शत-प्रतिशत निस्तारण के लिए विभिन्न प्रसंस्करण संयंत्र संचालित किए जा रहे हैं। इनमें करसड़ा स्थित वेस्ट टू कंपोस्ट प्लांट की प्रतिदिन 600 मीट्रिक टन कूड़ा प्रसंस्करण की क्षमता है।
इसके अलावा रमना स्थित वेस्ट-टू-चारकोल प्लांट में प्रतिदिन करीब 600 टन ठोस अपशिष्ट से 200 टन कोयला बनाने की क्षमता है। रमना में ही निर्माण सामग्री और मलबे से ईंट एवं टाइल्स बनाने के लिए कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन (सीएंडडी) प्लांट भी संचालित है, जिसकी क्षमता 200 मीट्रिक टन प्रतिदिन है।
पहाड़िया मंडी, भवानिया पोखरी और आईडीएच कॉलोनी में सीबीजी (कंप्रेस्ड बायोगैस) प्लांट स्थापित हैं। यहां वेस्ट-टू-एनर्जी प्रक्रिया के तहत प्रतिदिन करीब 500 किलोग्राम सीबीजी का उत्पादन किया जा रहा है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहरवासियों से काशी को स्वच्छ और हरित बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि घरों और प्रतिष्ठानों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग बाल्टी या डस्टबिन में रखकर सफाईकर्मियों को सौंपें।
नगर निगम के अनुसार, जनवरी से जुलाई 2026 तक वेस्ट प्रसंस्करण के आंकड़े इस प्रकार हैं : जनवरी में 23,569.8 टन, फरवरी में 24,056.4 टन, मार्च में 26,272.5 टन, अप्रैल में 24,924.7 टन, मई में 28,774.8 टन, जून में 28,182.2 टन और जुलाई में 31,940 टन कचरे का प्रसंस्करण किया गया। इस प्रकार सात महीनों में कुल 1,87,720.5 टन कचरे का प्रसंस्करण किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित