वाराणसी , मार्च 30 -- महावीर जयंती के पावन अवसर पर आगामी 31 मार्च मंगलवार को शहर की मांस, मछली और मुर्गे की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शासन के इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराने का निर्देश दिया है।

शासन ने तीर्थंकर महावीर जन्म कल्याणक (महावीर जयंती) के दिन धार्मिक भावनाओं के सम्मान में तथा शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रदेश की सभी पशुवधशालाओं में पशु वध पर रोक लगा दी है। साथ ही, सार्वजनिक स्थानों पर मांस आदि की बिक्री को भी प्रतिबंधित किया गया है। शासन के निर्देश पर नगर निगम ने शहर की मांस, मछली और मुर्गे की दुकानें बंद रखने का आदेश जारी किया है। नगर निगम सीमा के भीतर सभी पशुवधशालाएं भी बंद रहेंगी।

पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. संतोष पाल ने बताया कि यदि 31 मार्च को कोई भी दुकान खुली पाई गई या नियमों का उल्लंघन हुआ, तो संबंधित दुकानदारों और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित