वाराणसी , मई 7 -- लगातार गिरते भूजल स्तर से चिंतित काशी के लोगों ने वर्षा जल संचयन के प्रभावी उपाय करने और पानी की बरबादी न करने की शपथ ली है।
पानी की समस्या की गंभीरता को देखते हुए सामाजिक संस्था 'सुबह-ए-बनारस क्लब' के बैनर तले संस्था के अध्यक्ष समाजसेवी मुकेश जायसवाल, लक्ष्मी नर्सिंग कॉलेज एंड हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार राय तथा श्री हरिश्चंद्र बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका तिवारी के नेतृत्व में मैदागिन स्थित श्री हरिश्चंद्र बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज के परिसर में जल संरक्षण एवं पानी की बर्बादी न करने की अपील को लेकर शपथ समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर छात्राओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर शपथ ली।
वक्ताओं ने कहा कि हमारे देश-प्रदेश के कई प्रांत भूमिगत जल की कमी की समस्या से बुरी तरह जूझ रहे हैं। इसका अच्छा-खासा असर वाराणसी जिले में भी दिखने लगा है। लोग पानी के लिए भटक रहे हैं। इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए हमें कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित